मथुरा में छात्रा से रेप के आरोप में IIT पास ‘हाईटेक साधु’ गिरफ्तार: ऑनलाइन प्रवचन के जरिए अमीर लड़कियों को फंसाता था; मोबाइल में मिले कई अश्लील वीडियो

मथूरा/लखनऊ (राजधानी न्यूज): उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां की गोवर्धन थाना पुलिस ने खुद को साधु बताने वाले एक हाई-प्रोफाइल और बेहद पढ़े-लिखे ढोंगी बाबा को छत्तीसगढ़ की एक छात्रा से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी का असली नाम अभिषेक मिश्रा (29 वर्ष) है, जिसने आईआईटी (IIT) से इंजीनियरिंग करने के बाद साधु का चोला ओढ़ लिया था और अपना नाम बदलकर ‘आदिकर्ता नारायण दास’ रख लिया था.

मथुरा पुलिस ने सोमवार (1 जून) शाम को आरोपी को राधाकुंड स्थित उसके निजी मकान से घेराबंदी कर दबोच लिया. पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से 12 से अधिक युवक-युवतियों के बेहद आपत्तिजनक और अश्लील फोटो-वीडियो मिले हैं.

यूट्यूब प्रवचन से जालसाजी: अमीर और पढ़ी-लिखी लड़कियां थीं टारगेट

पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी अभिषेक मिश्रा के काम करने के बेहद शातिर और हाईटेक तरीके का खुलासा हुआ है:

  • सोशल मीडिया पर जाल: आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन प्रवचन देता था. उसके मखमली लहजे और धर्म-ज्ञान की बातों में आकर देश भर से लोग उससे ऑनलाइन संपर्क करते थे.
  • ब्रेनवॉश करने का हुनर: शुरुआत में वह आध्यात्मिक बातें करता था. लेकिन उसके मुख्य टारगेट पर हमेशा पढ़ी-लिखी, अमीर और मल्टीनेशनल कंपनियों (MNCs) में बड़े पैकेज पर जॉब करने वाली युवतियां ही रहती थीं.
  • मथुरा बुलाकर वारदात: कुछ दिन ऑनलाइन बातचीत कर वह युवतियों का पूरी तरह ब्रेनवॉश कर देता था. इसके बाद उन्हें धार्मिक यात्रा के बहाने मथुरा बुलाता, अपने साथ घुमाता और फिर मौका पाकर ‘प्रसाद’ के नाम पर नशीला पदार्थ देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बना लेता था. इस दौरान वह छुपकर अश्लील फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड कर लेता था.

“20 लाख का पैकेज छोड़ मथुरा आया”: आरोपी का कबूलनामा

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी अभिषेक मिश्रा ने पूछताछ में अपनी जो पृष्ठभूमि बताई, उसे सुनकर खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए. आरोपी ने पुलिस को बताया:

“मैं मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला हूं. पांच साल पहले मैंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.Tech की डिग्री हासिल की थी. इसके बाद एक बड़ी कंपनी में मेरा कैंपस सिलेक्शन हुआ, जहां मेरा सालाना पैकेज 20 लाख रुपए था. लेकिन कुछ समय बाद नौकरी छोड़कर मैं मथुरा आ गया. पिछले तीन साल से मैं यहीं रह रहा हूं. पहले मैंने गोवर्धन के राधाकुंड में किराए का कमरा लिया था, लेकिन बाद में कमाई के पैसों से यहीं अपना खुद का मकान खरीद लिया.”

प्रसाद में जबरन दूध पिलाया, बेहोश होने पर बनाया संबंध

पीड़ित छात्रा छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और बीएससी नर्सिंग थर्ड सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही है. उसने मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार के दफ्तर पहुंचकर अपनी लिखित शिकायत में जो आपबीती बताई, वो बेहद खौफनाक है:

  • बहन के कमरे पर हुई मुलाकात: पीड़िता की सगी बहन मथुरा में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) में इंटर्नशिप कर रही है और वह आरोपी अभिषेक मिश्रा के मकान में ही किराए पर रहती है. 17 मई को पीड़िता का जन्मदिन था, जिसे मनाने के लिए वह 15 मई को मथुरा आई थी. वहीं उसकी मुलाकात साधु बने अभिषेक से हुई.

  • दूध से एलर्जी थी, फिर भी की जिद: 17 मई की रात को जब पीड़िता की बहन बाहर भजन-कीर्तन मंडली में गई थी, तब अभिषेक कमरे में घुस आया. रात 9 बजे वह दोबारा एक गिलास दूध लेकर आया और कहा कि यह भगवान का प्रसाद है, इसे पी लो. पीड़िता ने बताया कि उसे दूध से एलर्जी है, लेकिन आरोपी ने पाप लगने और भगवान का अपमान होने का डर दिखाकर उसे जबरन दूध पिला दिया.

  • होश खोने पर दुष्कर्म: दूध पीते ही छात्रा बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसकी अश्लील क्लिप रिकॉर्ड कर ली. होश में आने पर जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मरवाने की धमकी दी.

5 लाख रुपए की रंगदारी और डिप्रेशन

डर के मारे पीड़िता फौरन ट्रेन का टिकट कराकर छत्तीसगढ़ वापस लौट गई. लेकिन आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा. वह हर दिन नए-नए नंबरों से उसे वॉट्सऐप (WhatsApp) पर वीडियो कॉल कर ब्लैकमेल करने लगा. आरोपी ने वीडियो दिखाकर छात्रा से 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी. इस भारी मानसिक तनाव के कारण छात्रा गुमसुम रहने लगी और उसका पढ़ाई से मन उचट गया, जिसके बाद पिता के पूछने पर उसने पूरी कहानी बयां की और पिता उसे लेकर मथुरा पुलिस के पास पहुंचे.

मकान से दो लड़कियां और एक युवक सुरक्षित मुक्त

एसएसपी श्लोक कुमार के कड़े आदेश पर 25 मई को ही थाना गोवर्धन में आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सोमवार शाम जब पुलिस टीम ने राधाकुंड स्थित आरोपी के घर पर छापा मारा, तो उसे रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया.

दिलचस्प बात यह है कि मौके से पुलिस ने दो अन्य युवतियों और एक युवक को भी सुरक्षित मुक्त कराया है, जिन्हें आरोपी ने अपने प्रभाव में ले रखा था. पुलिस ने उन तीनों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया है. सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी हमेशा सफेद कुर्ता पहनता था और माथे पर बड़ा सा चंदन लगाता था ताकि कोई उस पर शक न करे. वह युवतियों का ब्रेनवॉश करने के बाद उनका आपस में गंधर्व विवाह भी कराया करता था. पुलिस अब उसके बैंक खातों और अन्य संपर्कों की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!